Home
🔍
Search
Add
E-Magazine
छत्तीसगढ़

रायपुर: जल जीवन मिशन में सुस्ती पर कलेक्टर का कड़ा रुख, ठेके निरस्त

रायपुर। जल जीवन मिशन के कार्यों में लापरवाही बरतने वाली निर्माण एजेंसियों पर जिले में बड़ी कार्रवाई की गई है। कलेक्टर एवं जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के अध्यक्ष डॉ गौरव सिंह के निर्देशानुसार 8 ग्रामों की निविदाएं निरस्त कर दी गईं।

कलेक्टर डॉ. सिंह की अध्यक्षता में आयोजित जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की समिति की बैठक में कार्यपालन अभियंता एवं सदस्य सचिव ने अवगत कराया कि रायपुर जिले के 8 ग्रामों में जल जीवन मिशन के कार्यों में कार्यरत निर्माण एजेंसियों द्वारा घोर लापरवाही बरतते हुए कार्य बंद कर दिया गया है। बार-बार नोटिस दिए जाने के बाद भी इन एजेंसियों द्वारा कार्य पूर्ण करने में रुचि नहीं ली जा रही थी। पेयजल जैसी अतिआवश्यक सेवा के कार्य में व्यवधान उत्पन्न करने पर कलेक्टर द्वारा नाराजगी व्यक्त की गई। उन्होंने कार्यपालन अभियंता को संबंधित निर्माण एजेंसियों के अनुबंध तत्काल निरस्त कर पुनः निविदा आमंत्रित करने के निर्देश दिए।

इन ग्रामों की निविदाएं हुईं निरस्त :- आरंग ब्लॉक के ग्राम गोढ़ी, राटाकाट एवं मालीडीह, अभनपुर ब्लॉक के ग्राम हसदा एवं टीला, धरसींवा ब्लॉक के ग्राम सारागांव एवं तर्रा, तिल्दा ब्लॉक के ग्राम छपोरा शामिल हैं।

साथ ही जल जीवन मिशन अंतर्गत आगामी निविदाओं में इन निर्माण एजेंसियों को वंचित रखने तथा निरस्त निविदाओं में जमा EMD राशि राजसात कर नियमानुसार कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए। अब ये सभी निर्माण एजेंसियां भविष्य में जिले की जल जीवन मिशन की निविदाओं में भाग नहीं ले सकेंगी। जिले में लापरवाह एजेंसियों पर इस स्तर की बड़ी कार्यवाही पहली बार की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *