वेदांता पावर प्लांट हादसे में मौतों की संख्या हुई 14, प्रबंधन ने मृतकों के परिजनों को 35 लाख और घायलों को 15 लाख का मुआवजा किया घोषित

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ति जिले स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार को हुए बॉयलर ब्लास्ट हादसे ने झकझोर कर रख दिया. इस घटना में मौतों की संख्या को लेकर नया अपडेट है. ब्लास्ट की चपेट में आने से 33 लोग घायल हुए, जिनमें से मृतकों की संख्या अब बढ़कर 14 हो चुकी है. वहीं 4 गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर शिफ्ट किया गया है.
मृतकों के परिवारों को 35 लाख और घायलों को 15 लाख
बड़े हादसे के बाद वेदांता पावर प्लांट प्रबंधन ने मृतकों के परिवार के लिए 35 लाख रुपए और घायलों को 15 लाख रुपए का मुआवजा देने की घोषणा की है. साथ ही घायलों के इलाज और मृतकों के परिवार के सदस्य को प्लांट में नौकरी पर सहमति बनी है.
मौत का आंकड़ा 13 पहुंचा
अस्पताल में इलाज के दौरान एक और मजदूरों की मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या 14 पहुंच गई है. अब तक 26 से अधिक घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें कई की हालत गंभीर बनी हुई है.
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, यह भीषण हादसा मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुआ, जहां अचानक बॉयलर फटने से जोरदार विस्फोट हुआ. विस्फोट के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए.
परिजनों का हंगामा
घटना के बाद प्लांट के बाहर परिजनों और मजदूरों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने एम्बुलेंस को रोकते हुए घायलों को दिखाने की मांग की और जमकर नारेबाजी की. स्थिति को देखते हुए प्लांट का मुख्य गेट बंद कर दिया गया और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया.
मुख्यमंत्री साय ने की मुआवजे की घोषणा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि वेदांता पावर प्लांट में हुई दुर्घटना अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक है. इस हादसे में अपने परिजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति उन्होंने गहरी संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने घोषणा की कि मृतक श्रमिकों के परिजनों को 5 लाख रुपये की सहायता राशि तथा घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी, ताकि उन्हें तत्काल राहत और संबल मिल सके. सभी घायलों के समुचित एवं निःशुल्क उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की है.
