पंडित प्रदीप मिश्रा ने की शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव की तारीफ, सरकारी स्कूलों में मंत्रोच्चारण की पहल को सराहा
शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने व्यासपीठ पर पहुंचकर लिया आशीर्वाद, श्रद्धालुओं के बीच बैठकर सुनी शिव महापुराण कथा

डेस्क रिपोर्टर, 21 अगस्त 2026/ प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की भिलाई के जयंती स्टेडियम में चल रही शिव महापुराण कथा में गुरुवार को छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव शामिल हुए। उन्होंने व्यासपीठ पर पहुंचकर पंडित प्रदीप मिश्रा का आशीर्वाद लिया और श्रद्धालुओं के बीच बैठकर कथा का श्रवण किया।
कथा के दौरान पंडित प्रदीप मिश्रा ने छत्तीसगढ़ के शासकीय स्कूलों में प्रार्थना के समय मंत्रोच्चारण की पहल की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ बच्चों में संस्कार, अनुशासन, सकारात्मक सोच और आध्यात्मिक चेतना का विकास भी जरूरी है। स्कूलों में मंत्रोच्चारण जैसी पहल बच्चों को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ एकाग्रता, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करने में सहायक हो सकती है।

पंडित मिश्रा ने शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव और छत्तीसगढ़ सरकार के इस प्रयास को संस्कारवान एवं सशक्त पीढ़ी के निर्माण की दिशा में सराहनीय कदम बताया। उन्होंने कहा कि बचपन में मिले अच्छे संस्कार व्यक्ति के व्यक्तित्व और चरित्र को जीवनभर मजबूत बनाते हैं।
शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव ने कहा कि जयंती स्टेडियम में पंडित प्रदीप मिश्रा के श्रीमुख से शिव महापुराण कथा सुनने का सौभाग्य मिला। उन्होंने बताया कि पंडित मिश्रा से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कारवान बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की गई।

उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान और रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि बच्चों के चरित्र निर्माण, नैतिक मूल्यों और संस्कारों के विकास का भी आधार है। स्कूलों में प्रार्थना और मंत्रोच्चारण के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, सकारात्मक सोच और भारतीय संस्कृति के प्रति जुड़ाव बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। आध्यात्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों से समृद्ध नई पीढ़ी ही विकसित और सशक्त छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव बनेगी।
मंत्री श्री यादव ने भव्य धार्मिक आयोजन के लिए बोल बम सेवा समिति के संयोजक श्री दया सिंह और उनकी पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने विश्व के सबसे बड़े अस्थायी पंडाल का वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित करने पर आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए इसे पूरे छत्तीसगढ़ और दुर्ग-भिलाई क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया।
गौरतलब है कि 17 अगस्त से जयंती स्टेडियम में पंडित प्रदीप मिश्रा द्वारा शिव महापुराण कथा का वाचन किया जा रहा है। कथा में छत्तीसगढ़ के साथ ही अन्य राज्यों और जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। गुरुवार को कथा का चौथा दिन था।
- कथा के दौरान पंडित प्रदीप मिश्रा ने भगवान शिव में विश्वास और सच्ची श्रद्धा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने ‘श्री शिवाय नमस्तुभ्यं’ मंत्र की महिमा बताते हुए श्रद्धालुओं को भगवान शिव की भक्ति और नियमित जलाभिषेक के महत्व की जानकारी दी।
